जौरा बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के जोकवा बाजार निवासी जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थी को योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने लिंक भेजकर उनके खाते से 56 हजार रुपये निकाल लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जौरा बाजार निवासी धनंजय मद्धेशिया ने तहरीर में बताया कि रविवार को उनके मोबाइल एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह स्वास्थ्य मंत्रालय लखनऊ से बोल रहा है। आप जननी सुरक्षा योजना की लाभार्थी हैं। आपके खाते में योजना के 24 हजार रुपये भेजने हैं। आप अपना खाता नंबर व फोन पे मेरे नंबर पर भेज दीजिए। आप इस संबंध में आशा दीदी से बात कर लिजिए। आशा दीदी से बात करने के बाद एक लिंक भेजी गई। लिंक पर क्लिक कर जरूरी जानकारी देते ही उनके खाते से 56,719 रुपये कट गए। इस संंबंध में तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष आलोक कुमार यादव ने कहा कि प्रकरण की जानकारी है। इसकी छानबीन कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।