कसया। बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर में छात्र संघ चुनाव को लेकर छात्रों ने प्रशासनिक भवन में ताला जड़ दिया। बाद में कॉलेज के प्राचार्य ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया और ताला खोलवाया।
मंगलवार को दोपहर में छात्रनेता एकत्र हुए और प्रशासनिक भवन में ताला जड़कर प्रदर्शन करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमृतांशु शुक्ल पहुंचे। उन्होंने छात्रों से यह कहकर ताला खुलवाया कि शाम को शिक्षकों के साथ बैठकर इस बारे में निर्णय लेकर बताया जाएगा। इसके साथ ही जिले स्तर के अफसरों से भी बात की जाएगी। इस पर छात्रनेताओं ने प्रशासनिक भवन का ताला खोल दिया। प्राचार्य ने बताया कि बुधवार को कॉलेज में शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। समारोह समाप्त होने के बाद छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी जानकारी दी जा सकती है। प्रदर्शन करने वाले छात्रों में विवेक कुमार सिंह, शेखर शर्मा, अमित यादव, जितेंद्र यादव, पिंटू सिंह, फकरुद्दीन, भीम सिंह यादव, रवि पांडेय, संदीप राय आदि शामिल थे।