हाटा (कुशीनगर)। प्रभारी एसडीएम त्रिभुवन ने शनिवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के थोक केरोसीन डिपो का औचक निरीक्षण किया। जांच में दो डिपो पर स्टाक रजिस्टर में दर्ज मात्रा से अधिक केरोसीन का स्टाक पाया गया। एसडीएम ने जांच रिपोर्ट डीएम को भेजने की बात कही है।
शनिवार की दोपहर बाद एसडीएम त्रिभुवन ने आपूर्ति निरीक्षक सीपी राव के साथ हाटा तहसील के थोक केरोसीन डिपो जालान इंटरप्राइजेज पर जांच करने पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने डिपो का स्टाक रजिस्टर देखा। फिर उन्होंने स्टाक की जांच की तो डिपो के टैंकों में करीब 35 हजार लीटर अधिक केरोसीन तेल पाया गया। इस बाबत पूछने पर डिपो के कर्मचारी कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद एसडीएम और उनकी टीम ने हीरालाल कृष्णलाल इंटरप्राइजेज के डिपो पर पहुंची। वहां भी 30 हजार लीटर से अधिक स्टाक पाया गया। कर्मचारियों ने बताया कि यह ओवर स्टाक कई वर्षों से चला आ रहा है, लेकिन यह स्टाक कैसा है, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है। इस सबंध में प्रभारी एसडीएम त्रिभुवन ने कहा कि शिकायत पर जांच की गई है। यहां निर्धारित मात्रा से अधिक स्टाक पाया गया है। जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। एसडीएम ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली थी कि डिपो पर कोटेदारों से प्रति ड्रम 200 रुपये अधिक की वसूली की जा रही है।