कुशीनगर। कसया तहसील क्षेत्र के गांव नोनियापट्टी के लोगों ने रविवार की सुबह गांव में ही कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन लोगों का आरोप था कि पात्र गृहस्थी सूची में दर्ज लोगों को राशन नहीं दिया जा रहा है। इसकी शिकायत तहसील दिवस में उच्चाधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन में गांव के 13 दिव्यांग भी शामिल थे।
प्रदर्शन में शामिल कल्यानी देवी, उर्मिला देवी, भानुमति, सिंगारी, चिरई, लक्ष्मीना, मीना, श्रीमती, मंगली, सविता, रंभा, फौदारी चौहान, कमलावती देवी के अलावा दिव्यांग चंदा, हबीबुन नेशा, प्रियंका पासवान, प्रभावती चौहान, संझारी देवी आदि का आरोप था कि कोटेदार की तरफ से बीते सात माह से राशन व मिट्टी का तेल नहीं दिया जा रहा है। इस मामले की शिकायत तहसील दिवस में इन लोगों की ओर से कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने जल्द राशन व मिट्टी का तेल नहीं मिलने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इनका यह भी कहना था कि गांव में 470 कार्डधारक हैं, लेकिन उनमें से केवल 160 कार्डधारकों को ही कोटेदार की तरफ से राशन दिया जाता है।
इस संबंध में डीएसओ विमल कुमार शुक्ल का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। अब पता चला है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।