पडरौना। जिले में काॅमन सर्विस सेंटर के संचालन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निर्धारित मानकों और दिशा- निर्देशों का पालन न करने वाले सीएससी केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अब तक जिले में 500 सीएससी बंद कर दिए गए हैं।
सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि प्रथम चरण में जिले में कुल 500 सीएससी को बंद किया गया है। सीएससी का संचालन केवल तय स्थान, अधिकृत ब्रांडिंग और निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाना अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में बिना किसी पूर्व सूचना के संबंधित सीएससी आईडी को बंद किया जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सीएससी केंद्रों का भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच लगातार जारी है। जिला प्रबंधक पांडेय ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी सीएससी संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने केंद्र का स्थायी संचालन स्थल सुनिश्चित करें, कॉमन सीएससी ब्रांडिंग और राज्य व सीएससी से संबंधित लोगो सही ढंग से प्रदर्शित करें।