पडरौना। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम की जांच में रविवार को दुकान पर करीब 50 किलोग्राम दूषित छेना मिला। उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा अलग-अलग दुकानों से चार नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
सहायक आयुक्त(खाद्य) द्वितीय प्रदीप कुमार राय ने बताया कि डीएम के निर्देश पर लोगों को सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को हाटा कोतवाली के पास संतोष कुमार यादव की दुकान से मिश्रित दूध और महाराणा प्रताप चौक के पास शंभू यादव उर्फ पन्ने लाल की दुकान से गाय के दूध का नमूना लिया गया। इसी तरह कुशीनगर एनएच स्थित पुलिस चौकी के पास अनूप कुमार सिंह की दुकान से मिश्रित दूध और कसया दीवानी कचहरी के सामने आदित्य मिष्ठान भंडार से छेने की मिठाई के नमूने लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभागीय जांच के दौरान एक दुकान पर 50 किलोग्राम दूषित छेने की मिठाई मिली है। दूषित छेने को तत्काल नष्ट कराते हुए एकत्र सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहां से जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।