व्यापार संगठनों ने मनाया व्यापारी दिवस, पांच व्यापारी सम्मानित
पडरौना। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने बृहस्पतिवार को व्यापारी दिवस के रूप में संगठन का स्थापना दिवस मनाया। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लॉकडाउन के दौरान गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने वाले पांच व्यापारियों को सम्मानित किया गया।
संगठन के जिलाध्यक्ष लालबाबू गुप्ता ने कहा कि व्यापारी अपनी पूंजी और मेहनत से परिवार के साथ-साथ समाज की भलाई के लिए भी कार्य करते हैं। कोरोना काल में सबसे अधिक नुकसान व्यापारियों का ही हुआ है। इसके बावजूद व्यापारियों ने जान जोखिम में डालकर जरूरतमंदों की हर संभव मदद की है।
युवा प्रदेश मंत्री सचिन कुमार चौरसिया ने कहा कि सरकार को देश की भावनाओं का ख्याल रखते हुए चीन निर्मित सामान पर प्रतिबंध समेत चीन से सारा संबंध समाप्त कर लेना चाहिए। सचिन ने सरकार से तीन सितंबर को व्यापारी दिवस घोषित करते हुए सार्वजनिक अवकाश की भी मांग की। अंत में लॉकडाउन के दौरान गरीबों और जरूरत मंदों की सहायता करने वाले सचिन चौरसिया, प्रमोद जायसवाल, आशीष खेतान, अक्षय स्वर्णकार व नितेश कुशवाहा को सम्मानित भी किया गया।
इस दौरान गोपाल रौनियार, शिवजी रौनियार, अभय अग्रवाल, विवेक पांडेय, अंकित लोहिया, जयप्रकाश चौरसिया, पिंटू चौरसिया, अनिल अग्रवाल, किशन सोनी, आशीष खेतान, नितेश कुशवाहा, अक्षय स्वर्णकार आदि मौजूद रहे।