संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के सभी छह पंपों समेत जिले के कुल 120 पंपों पर सुबह से शाम तक बाइक और कार समेत अन्य वाहन चालकों की लंबी कतार लग रही है। लोग पेट्रोल व डीजल के लिए पंपों का चक्कर लगाते दिख रहे हैं।
वर्तमान समय में जनपद में प्रतिदिन औसतन 2,82,000 लीटर डीजल और 2,10,000 लीटर पेट्रोल समेत कुल 4,92,000 लीटर डीजल-पेट्रोल की बिक्री हो रही है। इसके बाद भी पंपों पर भीड़ कम होती नहीं दिख रही है। डीएम शिवशरणप्पा जीएन का कहना है कि पेट्रोल व डीजल की पर्याप्त मात्रा में निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित ऑयल कंपनियों से लगातार वार्ता की जा रही है। ईंधन की आपूर्ति निरंतर जारी है, उसमें कही कोई रुकावट नहीं है।
धेंसा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के वीरबालाजी फ्यूल सेंटर मधुकरपुर, क्षत्रपाल संतोष पेट्रोल पंप सनई और विकास फिलिंग स्टेशन धेंसा में बृहस्पतिवार को सुबह से वितरण के बाद 11 बजे पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया। वाहन चालक कुछ समय के इंतजार के बाद पेट्रोल व डीजल न मिलने के कारण वापस लौट गए।
लगन के सीजन में लोगों को काफी भाग-दौड़ करनी पड़ रही है। वर्तमान समय में विवाह, तिलक, मुंडन एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें समय से पहुंचना जरूरी है, लेकिन पेट्रोल पंप पर लगी भीड़ से समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना संभव नहीं है।