पटहेरवा। क्षेत्र के पटहेरिया में स्थित एक निजी विद्यालय के प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने स्थानीय निवासी एक व्यक्ति पर स्कूल के सटे भूमि की रजिस्ट्री करने के नाम परिचितों के खाते में 4.29 लाख रुपये लेने व जेसीबी लगाकर बाउंड्री तोड़ने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पटहेरिया स्थित एक स्कूल के प्रबंधक सुग्रीव कुमार गुप्ता ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया था कि उनके स्कूल के सटे फिरोज निवासी पटहेरिया की भूमि है। इस भूमि की रजिस्ट्री के लिए 45 लाख में सौदा तय हुआ था।
एडवांस के तौर पर खाते में 50 हजार दे दिए। उसके बाद उसकी पत्नी नसरुन के खाते में दो बार में 2.10 लाख और एक मजदूर के खाते में 20 हजार रुपये समेत कुल 4.29 लाख रुपये दिए गए। फिरोज के कहने पर बाउंड्री करा लिया गया। 16 सितंबर को फिरोज के भाई इरफान कई लोगों के साथ मिलकर जेसीबी मशीन लेकर बाउंड्री तोड़ने लगे।
मना करने पर अपशब्द बोलते हुए मारपीट की धमकी देने लगे। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर पर आरोपी फिरोज अहमद, इरफान समेत पांच नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विश्वासघात, धमकी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।