प्रयागराज में होगा मैराथन, आनंद भवन से होगा शुभारंभ
पडरौना। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन 19 नवंबर को प्रयागराज में होगा। इसमें देश और प्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के धावक प्रतिभाग करेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि क्षेत्रीय खेल कार्यालय और जिला प्रशासन, प्रयागराज की ओर से संयुक्त रूप से प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मैराथन का शुभारंभ ऐतिहासिक आनंद भवन से सुबह 6:30 बजे होगा। दौड़ शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में समाप्त होगी। पुरस्कार वितरण समारोह उसी दिन दोपहर 2:30 बजे स्टेडियम में होगा।
प्रतियोगिता में फुल मैराथन 42.195 किलोमीटर और हाफ मैराथन 21.097 किलोमीटर की होगी। पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को समान पुरस्कार राशि दी जाएगी। फुल मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को दो लाख रुपये, द्वितीय को एक लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 75 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा 10-10 हजार रुपये के 11 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
हाफ मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार रुपये, द्वितीय को 21 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसमें 5,100 रुपये के तीन सांत्वना पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं।
इच्छुक धावक 17 नवंबर तक अपनी प्रविष्टि जमा कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कार्यालय, मदन मोहन मालवीय स्टेडियम, कंपनीबाग, प्रयागराज के पते पर भेजना होगा। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए वेबसाइट indiramarathon.co.in पर आवेदन किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9335163067 पर संपर्क कर सकते हैं।