मुआवजे के लिए किसानों ने किया प्रदर्शन
मंडी समिति के लिए अधिग्रहीत की जानी है जमीन
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। मंडी समिति के लिए अधिग्रहीत जमीन के मुआवजे के लिए किसानों ने रविवार को प्रदर्शन किया। क्षेत्र के सोहरौना गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में पहले बैठक कर किसानों ने बिना उचित मुआवजा मिले मंडी समिति के लिए जमीन नहीं देने का निर्णय लिया।
प्रदर्शन में शामिल सोहरौना गांव के निवासी नौबत गुप्ता, सरली देवी, शेखर, पहवारी, युसुफ अली, सूरज गुप्ता, प्रसादी चौहान, राजकिशोर दुबे, कृपाल शर्मा, पप्पू दुबे सहित कई किसानों का कहना था कि सोहरौना गांव में मंडी समिति का निर्माण कराने के लिए प्रशासन की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, जो शासन स्तर पर स्वीकृत कर लिया गया है, लेकिन यहां के किसान अपनी जमीन देने के लिए राजी नहीं हैं। इन लोगों का कहना था कि प्रस्तावित जमीन का मुआवजा कृषि दर पर निर्धारित किया गया है, जबकि यह भूखंड अब नगरपालिका परिषद के दायरे में आने के कारण अब आवासीय हो गया है। इन किसानों ने निर्णय लिया कि जब तक उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक वे अपनी जमीन मंडी समिति के लिए नहीं देंगे।