कोटवा बाजार। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी शाम तक पर्चा वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित होने का इंतजार करते रहे। प्रधान पद के 411 और सदस्य पद के 1466 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
सभी लोगों का चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया। जबकि तीन गांवों में अनुसूचित जाति का उम्मीदवार नहीं मिलने की वजह से वहां मतदान नहीं होगा। आरओ संदीप सिंह के मुताबिक 77 ग्राम प्रधान पद के लिए कुल 634 लोगों ने पर्चा दाखिल किया था। उनमें से 14 पर्चे खारिज होने के बाद 620 पर्चे शेष रह गए थे।
समय सीमा के अंदर 109 लोगों ने नामांकन वापस ले लिया तो 411 लोगों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया। इसी तरह ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 991 पदों पर 1554 लोगों ने नामांकनपत्र दाखिल किया था। उनमें से 17 खारिज हो गए। इसके बाद शेष बचे 1534 में से 48 लोगों ने पर्चा उठा लिया।
इसके बाद 1466 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न शाम छह बजे तक आवंटित कर दिया गया। ब्लॉक के तीन गांवों कौवासार, बगलहा और पिपरा खुर्द में अनुसूचित जनजाति का उम्मीदवार नहीं मिलने की वजह से वहां मतदान नहीं होगा।