जिले में लगाए जाएंगे 40 लाख पौधे
फलदार और इमारती लकड़ियों वाले पौधों की तैयार की जा रही नर्सरी
गड्ढे की खुदाई के लिए वन विभाग ने 27 विभागों से मांगा है ब्योरा
पडरौना। धरती को हरा-भरा और वातावरण शुद्ध रखने के उद्देश्य से जिले में 40 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य है। इनमें फलदार और इमारती लकड़ियों वाले पौधे होंगे। 532 हेक्टेयर में गड्ढे खोदे जाएंगे। इसकी तैयारी वन विभाग ने शुरू कर दी है।
पेड़ों की घटती तादाद को देखते हुए हर साल बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाता है। इस साल भी इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिया गया है। वन विभाग का कहना है कि एक जुलाई 2022 से 40,39,010 पौधे लगाने का लक्ष्य शासन से मिला है। इसके लिए वन विभाग ने कसया, हाटा, पडरौना, खड्डा, कप्तानगंज और तमकुहीराज तहसील क्षेत्र की 26 नर्सरियों में पौधे उगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग को 532 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गड्ढों की खुदाई करनी है। वन विभाग ने 27 विभागों से चिह्नित स्थलों की सूची मांगी है, जहां पौधे लगाने के लिए गड्ढे खोदे जाने है। मार्च में गड्ढे खोदने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वन विभाग आगामी वित्तीय वर्ष 2022-23 में 50 प्रतिशत इमारती पौधे लगाएगा तथा 50 प्रतिशत फलदार पौधे होंगे। इनमें सागौन, शीशम, फलादार में नीबू, किन्नू, जामुन, अनार, अमरूद, संतरा, कटहल, बेर सहित अन्य पौधे शामिल हैं।
इन विभागों को मिला है लक्ष्य
पौधे वन विभाग, पर्यावरण, ग्राम्य विकास, राजस्व, पंचायतीराज, आवास विकास, औद्योगिक विकास, नगर विकास, लोक निर्माण, सिंचाई व जल शक्ति, रेशम, कृषि, पशुपालन, सहकारिता, उद्योग, विद्युत, माध्यमिक, बेसिक शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, श्रम, स्वास्थ्य, परिवहन, उद्यान, पुलिस, रेलवे, रक्षा विभाग की तरफ से लगाए जाएंगे।
इन नर्सरियों में उगाए जा रहे पौधे
हाटा तहसील क्षेत्र के ढाढ़ा, पट्टन, मठिया, हसनगंज, बंगरादेउर (दो), पडरौना तहसील क्षेत्र के डुमरी, भरवलिया (दो), शाहपुर, मंगरुआ कुटी, खड्डा तहसील क्षेत्र के खैरटिया में (दो), जिंदाछपरा, करदह, तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के सरगटिया, कोकिलपट्टी (दो), दुदही, हरिहरपुर, कसया तहसील क्षेत्र के कुशीनगर, रुदवलिया, मेंहदीगंज, बकुलहर में (दो) में पौधे उगाए जा रहे हैं।
जनपद में आगामी वित्तीय वर्ष में 40,39,010 पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए 26 नर्सरियों पर पौधे उगाए जा रहे हैं। लक्ष्य को पूरा करने के लिए वन विभाग सहित 27 विभागों को जिम्मेदारी मिली है।
अनिल कुमार श्रीवास्तव, डीएफओ