संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के सेंदुरिया विशुनपुर गांव के पंचायत भवन में बीते 24 मई की रात हुई चोरी के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर किया है। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई में जुटी है।
अहिरौली बाजार एसओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि गांव सेंदुरिया विशुनपुर गांव के पंचायत भवन का ताला तोड़कर प्रिंटर, एक सीपीयू, एक इन्वर्टर, दो बैट्री चोर चुरा ले गए थे। इस मामले में ग्राम प्रधान की तहरीर पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।
पुलिस को सूचना मिली कि गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के गांव हरखापुर में रामबली पटेल के घर कुछ लोग मौजूद हैं। पुलिस ने टीम बनाकर छापामारी की, जहां से अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव सेंदुरिया विशुनपुर निवासी सुनील सिंह, अनुज कुमार, रोहित, साहिल और पिपराइच थाना क्षेत्र के गांव हरखापुर निवासी रामबली पटेल को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया। चोरी के सामान की बरामदगी के आधार पर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।