कसया। पीडब्ल्यूडी की कार्ययोजना में कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 354.94 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, संपर्क मार्ग, पुल एवं अन्य आधारभूत विकास कार्यों को शामिल किया गया है।
योजना में प्रमुख जिला मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के साथ ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण और पुल परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और गांवों की जिला मुख्यालय से बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
क्षेत्र के कसया–रामकोला–रामपुर खुर्द–कोटवा घुघली मार्ग (राज्य मार्ग-172) के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर 74 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अर्जुनहा–शिवपुर–कुबेरस्थान मार्ग पर 24.80 करोड़ रुपये, कसया–सपहा–तमकुही प्रमुख जिला मार्ग संख्या-58 पर 23.80 करोड़ रुपये और कसया–पडरौना मार्ग से करहिया हजारी पट्टी–टेकुआटार रोड पर 15.20 करोड़ रुपये खर्च किए जएंगे।
इसी तरह कसया–सपहा–रजवाबर मार्ग पर 13.80 करोड़ रुपये, टेकुआटार–मेहदीगंज मार्ग पर 16 करोड़ रुपये और नौका छपरा–भैंसहा मार्ग पर 11.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।ग्रामीण क्षेत्रों में 50 से अधिक नए संपर्क मार्गों का भी निर्माण प्रस्तावित है।
ये सड़के 40 से अधिक गांवों को जोड़ेगी। योजना में धार्मिक एवं पर्यटन महत्व वाले मार्गों को भी स्थान दिया गया है। कुबेरस्थान–खनवार रोड, एनएच-27 से भैंसहा होते हुए ठाकुर जी मंदिर संपर्क मार्ग और पिपरी परसराम से महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर मार्ग के विकास पर की योजना बनाई गई है।
इस योजना में मैनपुर तेजवलिया में घाघी नदी पर लघु पुल, हिरण्यवती नदी पर लघु पुल, धुरिया मार्ग, कुलकुला देवी मंदिर मार्ग और अन्य स्थानों पर पुल निर्माण कार्य शामिल हैं। कसया तहसील परिसर में हेलीपैड का भी प्रावधान है। कार्ययोजना के पूरा होनेके साथ ग्रामीण अंचलों की आवाजाही आसान होगी। विधायक पीएन पाठक ने बताया कि शासन से कार्ययोजना की मंजूरी मिलते ही विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।