सामूहिक विवाह में 341 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
51 मुस्लिम जोड़ों के निकाह का भी गवाह बना बुद्धा पार्क
नवदंपतियों को गृहस्थी के सामान देकर किया गया विदा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित समारोह में बृहस्पतिवार को 341 युगलों ने एक-दूजे का हाथ थामकर खुशनुमा जीवन गुुजारने की कसम ली। जनपद मुख्यालय स्थित बुद्धा पार्क में आयोजित इस सामूहिक विवाह में 51 मुस्लिम जोड़े भी थे, जिनका मौलवी की देख-रेख में उनके मजहबी दस्तूर के मुताबिक निकाह कराया गया। सांसद, डीएम, विधायक सहित कई गणमान्य लोगों ने नवदंपतियों को सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्हें गृहस्थी के सामान देकर रुखसत किया गया।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि शादियों में बढ़ते खर्च को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन गरीब परिवारों की बेटियों का ख्याल रखा है, जिनकी शादी धनाभाव या अन्य कारणों से नहीं हो पाती। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत ऐसी बेटियों के योग्य दूल्हे ढूंढकर सरकारी खर्च पर उनका विवाह कराया जा रहा है।
डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम आध्यात्मिक माहौल में संपन्न कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम सीएम की प्राथमिकता में है। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना के बारे में भी वर-वधुओं को जानकारी दी, ताकि आगे चलकर इस योजना से लाभान्वित हो सकें।
इस कार्यक्रम में 341 युगल एक-दूसरे का हाथ थामकर दांपत्य सूत्र में बंधे। सांसद और डीएम के अलावा फाजिलनगर के विधायकऌ गंगा सिंह कुशवाहा, उत्तर प्रदेश बीज निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह सहित अन्य अफसरों और गणमान्य लोगों ने नवदंपतियों को सुखद गृहस्थ जीवन का आशीर्वाद दिया। सभी नवदंपतियों को गृहस्थी के सामान देकर विदा किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष विनय प्रकाश गौंड़, फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, सीडीओ आनंद कुमार, एडीएम विंध्यवासिनी राय, एसडीएम सदर रामकेश यादव, डीडीओ शेषनाथ चौहान, कार्यक्रम के संयोजक जिला समाज कल्याण अधिकारी टीके सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा वर-वधुओं के परिवारीजन मौजूद थे।
गायत्री परिवार के पुरोहितों ने संपन्न कराया विवाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 290 वर-वधुओं का हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। गायत्री परिवार के पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के बीच इनका विवाह संपन्न कराने के बाद सुखद गृहस्थ जीवन का आशीर्वाद दिया।
मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ निकाह
बुद्घा पार्क 51 मुस्लिम जोड़ों के निकाह का भी गवाह बना। मौलवी की मौजूदगी में इनका निकाह मुस्लिम रीति-रिवाज के तहत कराया गया। मौलवियों ने उन्हें गृहस्थ जीवन का महत्व बताया और राजी-खुशी जीवन गुजारने की प्रेरणा दी।
अनीस सोनी के विवाह गीत ने बांधी समा
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय गायक अनीस सोनी भी आमंत्रित थे। उन्होंने इस कार्यक्रम में विवाह गीत, लोकगीत, सोहर सहित अन्य गीत प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया।