पडरौना। बंद पड़ी पडरौना चीनी मिल को अधिग्रहीत कर पेराई शुरू कराने के लिए कुशीनगर सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया।
कुशीनगर सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष गिरीशचंद्र चतुर्वेदी, पूर्व विधायक मदन गोविंद राव, प्रमोद श्रीवास्तव, छोटेलाल सिंह, अजय मिश्र, श्याम बाबू मोदनवाल, योगेंद्र मिश्रा, दिनेश मल्ल, सुनील मोदनवाल, मनोज मोदनवाल, डॉ. विपिन कुशवाहा सहित कई लोग मंगलवार को दोपहर बाद डीएम के कैंप कार्यालय पहुंचे।
इन लोगों ने डीएम से मिलकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस संगठन के लोगों ने मांग की कि पडरौना चीनी मिल के संबंध में गन्ना आयुक्त की तरफ से वर्ष 2014 में जारी किया गया नीलामी आदेश अविलंब स्थगित किया जाए, पडरौना चीनी मिल को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी मॉडल) के तहत चलाने पर विचार किया जाए।
हाईकोर्ट इलाहाबाद में पडरौना चीनी मिल से संबंधित वाद, जो बकाया गन्ना मूल्य, मजदूरों का पारिश्रमिक और अन्य वित्तीय संस्थाओं के भुगतान के संबंध में है, उसमें राज्य सरकार स्वयं चीनी मिल का अधिग्रहण कर इसे शीघ्र चलाने का प्रयास करे। ज्ञापन लेने के बाद डीएम ने इनका ज्ञापन मुख्यमंत्री तक भेजवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान एडवोकेट निर्मल साहा, मोहन खरवार, मुहम्मद नसीम, एबादुल्लाह अंसारी, रामदुलारे मिश्र, संतोष कुमार सिंह, वीरेश्वर दीक्षित आदि भी मौजूद थे।