पडरौना। जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत सदस्य के अलावा ग्राम प्रधान के रिक्त पदों पर निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया बुधवार को पूरी कर ली गई। जिला पंचायत सदस्य के रिक्त चार पदों के सापेक्ष 22, बीडीसी के 19 के सापेक्ष सात, ग्राम प्रधान के 17 के सापेक्ष 14 और ग्राम पंचायत सदस्यों के 345 रिक्त पदों के सापेक्ष 18 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। बृहस्पतिवार को इनके नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान अनुसूचित जनजाति की श्रेणी होने की वजह से रिक्त पड़े जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों पर निर्वाचन प्रक्रिया बुधवार को शुरू कर दी गई। कलेक्ट्रेट सभागार में इन पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम नारायण प्रसाद ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के कसया पश्चिमी और कसया मध्य से कुल 15 तथा हाटा पश्चिमी और हाटा दक्षिणी से कुल सात सहित 22 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। बीडीसी सदस्य के 19 रिक्त पदों के सापेक्ष विशुनपुरा में एक, खड्डा में तीन, दुदही, सुकरौली और मोतीचक में एक-एक सहित सात उम्मीदवारों ने पर्चे जमा किए। प्रधान पद के रिक्त 17 पदों के सापेक्ष पडरौना में दो, रामकोला में नौ, तमकुहीराज, दुदही और नेबुआ नौरंगिया में एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य के 345 रिक्त पदों के सापेक्ष पडरौना, विशुनपुरा, रामकोला, सेवरही में दो-दो, कप्तानगंज में छह, खड्डा में तीन और दुदही में एक सहित कुल 18 उम्मीदवारों ने दावेदारी प्रस्तुत की। इनके नामांकन पत्रों की जांच बृहस्पतिवार को की जाएगी।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दस अगस्त को सुबह दस बजे से दिन के तीन बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे, इसी दिन तीन बजे के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा, 17 अगस्त को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा तथा मतगणना 20 अगस्त को प्रात: आठ बजे से होगी।