पडरौना (कुशीनगर)। दशकों पहले स्थापित पडरौना के रोडवेज बस स्टेशन पर अब तक यात्री सुविधाओं का समुचित इंतजाम नहीं हुआ है। यात्रियों को शुद्घ पेयजल मुहैया कराने के लिए लगाए गए इंडिया मार्क टू हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। इससे जहां यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं, वहीं चालक और परिचालक भी परेशान हैं। कई बार क्षेत्रीय प्रबंधक से शिकायत करने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
पूर्ववर्ती बसपा शासनकाल में तत्कालीन पंचायती राज मंत्री व वर्तमान कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने वर्ष 2010 में पडरौना में बस डिपो की घोषणा की थी। डिपो बनने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी पडरौना रोडवेज पर यात्री सुविधाएं नदारद हैं। परिसर में चारों तरफ गंदगी का अंबार, मूत्रालय/शौचालय की खराब व्यवस्था, पेयजल का संकट और उद्घोषक की व्यवस्था न होने से यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।