तमकुहीरोड (कुशीनगर)। गंडक व बांसी नदी के किनारे स्थित पिपराघाट जीरो चौराहा की कई दुकानों में सोमवार की रात अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की है। कुछ सामान भी बांसी नदी में फेंक दिए गए हैं। सुबह इसकी जानकारी होने पर नाराज दुकानदारों ने जीरो चौराहे पर धरना शुरू कर दिया। क्षेत्रीय विधायक और पिपराघाट चौकी प्रभारी ने दुकानदारों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट गांव में एपी तटबंध पर जीरो चौराहा के नाम से छोटा सा बाजार है। यहां 20-25 दुकानें हैं जहां चाय-मिठाई के अलावा छोटी-छोटी जरूरत की वस्तुएं बिकती हैं। सोमवार की रात दुकानदार अपनी दूकानें बंद कर घर चले गए। रात में अराजक तत्वों ने इनमें से कुछ दुकानों का चूल्हा, कुर्सी, मेज व अन्य सामान तोड़ दिया। कई सामान बगल के बांसी नदी में फेंक दिया गया। मंगलवार की सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो चौराहे की स्थिति देख हतप्रभ रह गए। इस घटना के विरोध में दुकानदार भरत गुप्ता, नथुनी प्रसाद, कन्हैया गुप्ता, बुटाई निषाद, शर्मा यादव, प्रभुनाथ यादव आदि ने चौराहे पर धरना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होने पर तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू और पिपराघाट पुलिस चौकी प्रभारी दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे। दुकानदारों को तत्काल कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया गया। विधायक की पहल पर दुकानदारों ने धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान वंशी गुप्ता, रामलखन गुप्ता, गुजेसर चौरसिया, मनोज गुप्ता, राजेश सिंह, पन्नालाल चौरसिया, बलिस्टर यादव, जगरनाथ चौरसिया, योगेंद्र यादव, शम्भू चौरसिया, परमेश्वर यादव, जितेंद्र उपाध्याय आदि लोग मौजूद थे।