पडरौना। बाजार में बढ़ते टमाटर व प्याज के भाव को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नगर के सुभाष चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर में ठेला घूमाकर टमाटर व प्याज भी बेंचा। लोगों ने इस ठेले से 10 रुपए किलो टमाटर व पांच रुपए किलो प्याज खरीदा। इसके अलावा सुभाष चौक पर युवा कांग्रेस की ओर से लोगों को बैंक के लाकर में टमाटर व प्याज रखने को कहकर नए तरीके से विरोध जताया गया।
कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता व तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में दोपहर बाद राजदरबार स्थित पार्टी के जिला कार्यालय से निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिलक चौक होते हुए सुभाष चौक तक घूम-घूम कर ठेले से टमाटर व प्याज बेंचा। इस दौरान विधायक ने कहा कि अच्छे दिन लाने का वादा करके सत्ता में आई भाजपा सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में असफल है। इस सरकार में लोग महंगाई की मार झेलने को विवश हैं। बाजार में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। दूसरी ओर युवा कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष मो.जहिरुद्दीन की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर स्टाल लगाकर लोगों से टमाटर व प्याज बैंक लॉकर में रखने को कहकर नए तरीके से विरोध जताया।
इस मौके पर संतोष श्रीवास्तव, मनीष जायसवाल, शमसेर मल्ल, अब्दुर्रहीम, बैजनाथ सिंह, उपेंद्र प्रताप सिंह, अनूप सिंह, वेदप्रकाश मिश्र, डीपी श्रीवास्तव, कृष्ण प्रताप सिंह, आदित्य तिवारी, अखलाक खां, अरुण कुमार, मनोज मोदनवाल, कमलजीत, अर्जुन, राहुल आदि मौजूद रहे।