कुशीनगर। मवेशियों के लिए पति के साथ चारा कटवा रही एक 35 वर्षीय महिला बाल काटे जाने की आशंका से दोपहर में बेेहोश होकर गिर पड़ी। आननफानन में पति महिला को लेकर रामकोला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे, जहां इलाज के बाद महिला को होश आया। महिला के पति ने बताया कि जहां उनकी पत्नी बेहोश होकर गिरीं, उस स्थान पर कटे हुए बाल मिले हैं।
रामकोला थाना क्षेत्र के इंद्रसेनवा गांव निवासी शैलेंद्र यादव की 35 वर्षीया पत्नी शिवकुमारी देवी उनके साथ मवेशियों के लिए मशीन से चारा कटवा रही थीं। अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। शैलेंद्र उन्हें लेकर तत्काल रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे, जहां दो घंटे तक बेहोश रहने के बाद उन्हें होश आया।
शैलेंद्र ने कटे हुए बाल दिखाते हुए कहा कि यह उनकी पत्नी के हैं, घर में जहां वह बेहोश होकर गिरी थीं, वहीं पड़ा था। महिला के बाल कटने की सूचना पर काफी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं एकत्र हो गईं थीं। होश आने पर महिला ने बताया कि चारा कटवाते समय उसे अपने बाल कटने का आभास हुआ, जिसके बाद उसे चक्कर आ गया। महिला की हालत अब ठीक है।