पडरौना(कुशीनगर)। कसया थाना क्षेत्र के चौपरिया गांव निवासी एक व्यक्ति के खाते से किसी ने आनलाइन खरीददारी के जरिए सवा दो लाख रुपये निकाल लिए हैं। खातेदार जब एटीएम से रुपये निकालने गया तो तब उसे इसकी जानकारी हुई। खातेदार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच व कार्रवाई की मांग की है। चौपरिया गांव के पप्पू प्रसाद ने पडरौना कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि एक्सिस बैंक पडरौना में उनका बचत खाता है। उनके खाते में 2.34 लाख रुपये थे, परंतु बीते 25 जुलाई को जब वे एटीएम से रुपये निकालने गए तो पता लगा कि 2.29 लाख रुपये आनलाइन खरीददारी के जरिए निकाल लिया गया है। पप्पू के अनुसार उसने ब्रांच मैनेजर से इसकी शिकायत करते हुए जानकारी चाही तो उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया। पप्पू के शिकायती पत्र को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल विजयराज सिंह ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।