कुशीनगर। सोहसा मठिया विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 40 गांवों में बीते शनिवार से ही विद्युत आपूर्ति ठप है। इससे नाराज लोगों ने बसपा नेता की अगुवाई में उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अभियंता ने जल्द ही आपूर्ति सुचारु कराने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि अफसरों की मनमानी के चलते ही इन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। मोबाइल और इन्वर्टर भी बेकार पड़े हैं। बिजली नहीं रहने की वजह से उमस भरी गर्मी व अंधेरी रात में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उपभोक्ताओं का आरोप था कि बिजली विभाग के अफसर उपभोक्ताओं का फोन भी नहीं उठाते। प्रदर्शनकारियों ने उपकेंद्र पर मौजूद अवर अभियंता अरुण कुमार वर्मा को उपभोक्ताओं की समस्याओं से अवगत कराते हुए तत्काल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की। लोगों ने इस उपकेंद्र के एक ही फीडर के चालू होने का मामला भी उठाया। इस पर जेई ने अन्य दो फीडरों को चालू कराने के लिए प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य शमशाद अहमद, राजेश प्रताप राव उर्फ बंटी, आशिक अली, कृष्ण प्रताप राव उर्फ मंटू राव, शशिकांत ओझा, देवेंद्र मिश्रा समेत तमाम लोग मौजूद थे।