बिहार जा रहे ईरिक्शा में अवैध पेट्रोल और डीजल ।स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर रेशम फॉर्म के पास बांसी चौकी पुलिस ने बिहार के मरीचहवा गांव की तरफ ई-रिक्शा से डीजल और पेट्रोल ले जा रहे ई-रिक्शा को पकड़ा। जांच-पड़ताल में बिना कागजात के 13 ड्रम में 300 लीटर डीजल और 200 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। पूर्ति निरीक्षक ने ई-रिक्शा चालक से बयान दर्ज किया है। एक सप्ताह पहले भी पुलिस ने बिहार भेजा जा रहा डीजल पकड़ा था।
शनिवार दोपहर ई-रिक्शा चालक 13 ड्रम में डीजल और पेट्रोल लेकर बिहार की तरफ जा रहा था। त्रिलोकपुर रेशम फार्म के पास गांव के लोगों को संदेह हुआ तो उसे रोकर पूछताछ की। चालक ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ई-रिक्शा को बांसी चौकी ले गई। पुलिस की सूचना पर आए पूर्ति निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने जांच की तो पता चला कि 13 ड्रम में कुल 300 लीटर डीजल और 200 लीटर पेट्रोल बिहार के मरीचहवा ले जाया जा रहा था। वाहन चालक के पास कोई वैध कागजात भी नहीं मिला है। पुलिस ने ई-रिक्शा को सीज कर डीजल और पेट्रोल को पडरौना कोतवाली भेज दिया। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि ई-रिक्शा पर लदा डीजल और पेट्रोल पुलिस के कब्जे में है। ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया है।
0
पेट्रोल पंप संचालक को नोटिस, लाइसेंस निलंबित
पडरौना। पूर्ति विभाग की जांच में कोतवाली क्षेत्र के बांसी चौकी पुलिस की तरफ से बरामद डीजल पेट्रोल ज्ञानवी चंद्रा पेट्रोलियम पंप का मिला है। पूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप का विक्रय लाइसेंस निलंबित करते हुए पंप संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने कहा कि ज्ञानवी चंद्रा पेट्रोलियम, डीलर, एचपीसीएल का डीजल विक्रय लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। जांच के दौरान पंप पर पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल का संभरण बनाए न रखने के संबंध में संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि डीजल-पेट्रोल की अवैध कालाबाजारी मिलने पर बरामद डीजल-पेट्रोल और वाहन को जब्त करते हुए कारोबारी रंजीत गुप्ता, गुड्डू गोंड व करन जायसवाल निवासी पश्चिमी चंपारण बिहार के विरुद्ध पडरौना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई भी चल रही है। संवाद
बिहार जा रहे ईरिक्शा में अवैध पेट्रोल और डीजल ।स्रोत-सोशल मीडिया