महिला को झांसा देकर 30 हजार उड़ाए
खड्डा (कुशीनगर)। बेटी के तिलक के लिए बैंक से रकम निकालकर घर जा रही महिला को झांसा देकर टप्पेबाज 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
खड्डा थानाक्षेत्र के मदनपुर सुकरौली गांव निवासी जामवंती देवी शुक्रवार को पीएनबी शाखा खड्डा में रकम निकालने आई थी। वह 30 हजार रुपये निकालकर शाम करीब पांच बजे बेटे के साथ घर लौट रही थी। शनिवार को बेटी का तिलक जाना है। महिला ने बताया कि थानाक्षेत्र के ग्राम सोहरौना गांव के पास पहुंची थी, तभी बाइक से एक व्यक्ति पहुंचा और रोकते हुए कहा कि बैंक मैनेजर बुला रहे हैं, केवाईसी भरना है। उसने कुछ पासबुक भी दिखाया। महिला वापस जाने या न जोन के विषय में सोच ही रही थी कि टप्पेबाज ने रुपये वाला झोला हाथ से झपटकर भाग निकला। पीड़ित महिला ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर इसकी सूचना दी। एसओ आरके यादव ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।