पडरौना। हाटा तहसील क्षेत्र के लेहनी और पकड़ी गांव में सोमवार को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की तरफ से जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें मंडल स्तरीय अटल आवासीय विद्यालय सहजनवां गोरखपुर में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा छह और नौ में प्रवेश के बारे में प्रेरित कर 30 श्रमिकों से उनके पाल्यों को प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन जमा कराए गए।
ग्राम प्रधान अजय यादव की अध्यक्षता में आयोजित जागरूकता कैम्प में विभाग में पंजीकृत श्रमिक बिरजू, उदित गौतम, पूनम सोनकर, राका पांडेय, तूफानी, मुन्नू सिंह, सरोज यादव, बालेश्वर यादव आदि को श्रम विभाग की तरफ से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। शशिशेखर मिश्र ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि तीन फरवरी थी। उसे विभाग ने बढ़ाकर आठ फरवरी तक कर दी है। इसकी प्रवेश परीक्षा का 25 फरवरी को होगी। उन्होंने बताया कि यह विद्यालय उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों के पाल्यों के लिए सभी प्रकार के आधुनिक सुविधाओं से युक्त सह शैक्षणिक आवासीय विद्यालय है। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय में प्रवेश के बाद निशुल्क शिक्षा के साथ भोजन ड्रेस समेत अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इस दौरान विद्या भारती, रामप्यारे यादव, रामनेती, रामसेवक, रामदयाल यादव, अजय, संदीप, भाना देवी, जानकी देवी, पिंटू, सरिता देवी आदि मौजूद रहे।