तुर्कपट्टी पुलिस ने हाईवे पर घेरेबंदी कर अंतरराज्यीय चोरों को दबोचा
बक्सर जिले से चोरी हुई थीं दोनों गाड़ियां, फरार एक आरोपी की हो रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। तुर्कपट्टी थाने की पुलिस ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग से चार पहिया दो वाहनों के साथ तीन अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद वाहन बिहार प्रांत के बक्सर जिले से चोरी किए गए थे। इन वाहनों को नंबर प्लेट बदलकर पडरौना में चलाया जा रहा था। पुलिस जिले में सक्रिय वाहन चोरों के नेटवर्क को खंगाल रही है।
पुलिस की मानें तो भोर में करीब चार बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर जोकवा ओवरब्रिज के पश्चिमी छोर पर पुलिस ने घेरेबंदी की। उधर से गुजर रहे एक बोलेरो और एक पिकअप को रोका। जांच करने पर दोनों वाहनों का नंबर फर्जी मिला।
वाहन में मौजूद कसया थाना क्षेत्र के सपहा मुरलीपट्टी निवासी मोहम्मद सईद पुत्र साहिल सिद्दीकी, ऐनुल्लाह उर्फ चंचल पुत्र करमल्ली और कसया नगर पालिका के वार्ड नंबर आठ पिपरा निवासी अरुण कुमार सिंह पुत्र फूलन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बक्सर जिले से दोनों वाहनों को चुराए हैं। बिहार से वाहनों की चोरी कर नंबर बदलकर चलाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,600 रुपये नकद बरामद किया। वहीं, इन तीनों के साथी तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के छहूं गांव निवासी मुकेश यादव की पुलिस तलाश कर रही है। बरामद वाहनों के चोरी होने का मुकदमा बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाने में दर्ज है।
सीओ उमेश चंद्र भट्ट ने बताया कि तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। जिले में इनसे ताल्लुक रखने वालों का भी पुलिस रिकाॅर्ड खंगाल रही है।