पडरौना। मंगलवार का दिन हादसों के नाम रहा। सुबह साढ़े छह बजे ही पडरौना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। सुबह करीब आठ बजे कुबेरस्थान थाना क्षेत्र में कठकुइयां गांव के गुनागर पट्टी टोला में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। सुबह नौ बजे खड्डा क्षेत्र के गांव बहोरछपरा में पेड़ से गिरकर अधेड़ की मौत हो गई। इसके अलावा अन्य हादसों में कई लोग घायल हुए।
पडरौना रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब साढ़े छह बजे थावे से कप्तानगंज जा रही सवारी गाड़ी जैसे ही पडरौना रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी तो अचानक यात्री शोर मचाने लगे। प्लेटफार्म से मुख्य रेलवे ढाले के बीच एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। पीले रंग की साड़ी पहने इस महिला की उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास बताई जा रही थी। महिला की पहचान नहीं हो पाई। उसके पास ट्रेन का टिकट भी नहीं था। काफी प्रयास के बाद भी शिनाख्त नहीं होने पर जीआरपी पडरौना के सिपाहियों ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कठकुईयां प्रतिनिधि के अनुसार कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के गांव कठकुईंया के टोला गुनागर पट्टी में सुबह करीब आठ बजे गांगरानी चौराहे की तरफ से आ रही ईंट लदी ट्राली की चपेट में आने से जीतू के 11 वर्षीय बालक चंदन की मौत हो गई। जीतू साइकिल से गांगरानी चौराहे की तरफ जा रहा था। मौके पर जुटी भीड़ ने गाड़ी को घेर लिया। हादसे की सूचना पर पहुंचे कुबेरस्थान एसओ राजेश कुमार मौर्य ने ट्रैक्टर-ट्राली को थाने भेजा। लोगों को समझा बुझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसओ ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाना क्षेत्र के गांव बहोरछपरा में मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे बजे घर के निकट जामुन के पेड़ पर चढ़ कर डाल काट रहे 55 वर्षीय जवाहर प्रसाद पुत्र जद्दू पैर फिसल जाने की वजह से करीब 30 फुट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करने वाले जवाहर जलौनी की लकड़ी काटने पुराने जामुन के पेड़ पर चढ़े थे। हादसे से गांव में कोहराम मच गया। परिवारीजनों की चीख पुकार से लोगों की आंख नम हो गई थी। घरवालों ने दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव धुनवलिया के सामने फोरलेन क्रासिंग पर मंगलवार की सुबह साइकिल सवार छात्रा घायल हो गई। कोचिंग जा रही 18 वर्षीय छात्रा किसी वाहन की चपेट में आ गई थी। फाजिलनगर सीएचसी में छात्रा का इलाज चल रहा है।
लाला गुरवलिया गांव के शेखवा टोली निवासी जयप्रकाश सिंह की पुत्री अर्चना सिंह 12 वीं की छात्रा है। वह सुबह साइकिल से जोकवा बाजार स्थित कोचिंग सेंटर जा रही थी। धुनवलिया गांव के फोरलेन क्रासिंग पर फाजिलनगर से कसया जा रहे वाहन की चपेट में आ गई। मधुरिया पुलिस चौकी के सिपाहियों ने घायल छात्रा को फाजिलनगर सीएचसी भेजा।
तुर्कपट्टी थाना के गांव अमवा तिवारी स्थित पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार को बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार समाचार पत्र विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे फाजिलनगर सीएचसी भेजा जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
ग्राम जोकवा खुर्द निवासी जोगेंदर प्रसाद समाचार पत्र बेंचते हैं। मंगलवार की दोपहर में वह साइकिल से अखबार बांटकर घर वापस लौट रहे थे। अमवा तिवारी गांव के पेट्रोल पंप के सामने एक बाइक की चपेट में आ गए। साइकिल समेत सड़क पर गिरे जोगेंदर बुरी तरह घायल हो गया। बाइक चालक को भी हल्की चोट लगी है। मधुरिया पुलिस चौकी के सिपाहियों ने घायल समाचार पत्र विक्रेता को फाजिलनगर सीएचसी भेजा। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया था।