सुकरौली। ब्लॉक कैंपस में कौशल विकास मिशन के तहत शुक्रवार को लगे रोजगार मेले में शामिल 286 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ और चयन के बाद 104 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। रोजगार मेले में एल एंड टी माइक्रो फाइनेंस, नवोदित फाउंडेशन, ई कार्ट, टाटा लखनऊ, गन फैक्ट्री कानपुर, तिरुपति मैन पावर लिमिटेड कसया, डेल, एस्सेर, नोकिया आदि सेवा प्रदाता कंपनियों ने प्रतिभाग किया। तय समय से एक घंटा विलंब से जिम्मेदार पहुंचे और तीन घंटे पहले चले गए। इसकी वजह से मायूस होकर युवकों को लौटना पड़ा। इसमें 104 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
सुकरौली ब्लाक परिसर में कौशल विकास मिशन, राजकीय आई टीआई एवं सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में एक घंटा विलंब से रोजगार मेले में जिम्मेदार पहुंचे और तीन घंटे पहले काउंटर बंद कर चले गए। मेले में आए पड़री के संतोष, मुन्ना, पिडरा गांव के मनोज, सोनबरसा के मालती, कुसुम ने बताया कि कौशल विकास मिशन की ओर से रोजगार मेले के लिए लगाई गई होर्डिंग पर सुबह 10 से शाम 4 बजे का समय दर्शाया गया था। हम लोग 3 बजे पहुंचे तो ब्लॉक का गेट बंद हो गया था और बताया गया कि दो बजे ही मेले में आए कर्मचारी चले गए। अधिकांश अभ्यर्थियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इसकी शिकायत युवकों ने फोन कर जिम्मेदार अधिकारियों से की। कौशल विकास मिशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी विनय पांडेय ने कहा कि दोपहर तक हम लोग थे, जो लोग आए उनकी चयन प्रक्रिया पूरी की गई। जब लोग नहीं आए तो सभी लोग चले गए।
-कौशल विकास संस्था के तहत रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। पोस्टर के हिसाब से समय से पहले चले गए। यह आयोजन ब्लाॅक स्तर से आयोजित नहीं हुआ था। -रामशीष गौतम एडीओ पंचायत