कुशीनगर। प्रदेश भर में स्थापित ब्लड बैंकों के बेहतर संचालन के लिए शासन ने चिकित्सक सहित विभिन्न पैरामेडिकल स्टॉफ नियुक्त करने का निर्णय लिया है।
इनमें 19 पद नियमित कर्मचारियों के लिए होंगे, जबकि सात पद सेवा प्रदाता एजेंसियों के माध्यम से भरा जाएगा। राज्यपाल की ओर से इन पदों पर नियुक्ति के लिए मंजूरी मिल गई है। अभी तक प्रदेश भर के ब्लड बैंकों का संचालन वैकल्पिक व्यवस्था के तहत किया जा रहा है।
प्रदेश के 75 जिलों के अस्पतालों में स्थापित ब्लड बैंक कुल 1950 पद सृजित होंगे। इनकी कार्य अवधि अक्टूबर से 29 फरवरी 2016 तक होगी। प्रत्येक जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में एक वरिष्ठ पैथालॉजिस्ट, तीन चिकित्साधिकारी, तीन स्टॉफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, तीन लैब टेक्निशियन, एक कनिष्ठ सहायक, छह लैब असिस्टेंट और एक पीआरओ सहित 19 नियमित पदों वाले स्टॉफ नियुक्त किए जाएंगे।
इनके अलावा सेवा प्रदाता एजेंसियों के माध्यम से एक इलेक्ट्रिशियन कम जेनरेटर आपरेटर, तीन वार्ड ब्वाय और तीन सफाईकर्मी रखे जाएंगे। जिला अस्पतालाें में ब्लड बैंक की स्थापना के लिए अलग से भवन का प्रस्ताव नहीं किया जाएगा, बल्कि वर्तमान में उपलब्ध स्थान में ही संचालन होगा।
महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश की ओर से सभी जिला अस्पतालाें के चिकित्सा अधीक्षकों को पत्र भेज दिया गया है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय कुशीनगर के सीएमएस डॉ. एसके उपाध्याय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शासन का पत्र मिला है। ब्लड बैंक में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ के नियुक्ति की सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।