पडरौना। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौ और 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश परीक्षा शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय के अलावा उदित नारायण इंटर कॉलेज और उदित नारायण पीजी कॉलेज में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कक्षा नौ में 222 और 11वीं में 59 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि नौवीं के 700 और 11वीं के 107 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
लेट्रल एंट्री के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौ और 11वीं की सीटों के लिए प्रवेश प्रकिया पूरी की जाती है। जिला मुख्यालय के पास मिल्की रसूलपुर स्थित पीएम-श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौ और 11वीं की रिक्त सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कोई भी अनुचित साधन प्रयोग करते नहीं पकड़ा। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए हर संभव इंतजाम किए गए थे।
प्राचार्य बृजेश मिश्र ने बताया कि कक्षा नौ लिए 922 आवेदन व कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए कुल 166 आवेदन आए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई। परीक्षा कक्ष में मानक के अनुरूप कक्ष निरीक्षक तैनात रहे। मजिस्ट्रेट की निगरानी में आयोजित हुई परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के लिए विद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात रहे। उन्होंने बताया कि सुबह सुबह 11:05 से 1:45 बजे तक हुई कक्षा नौवीं की परीक्षा में कुल 922 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
इसमें से 700 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 222 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह सुबह 11 बजे से 1:30 बजे तक हुई कक्षा 11वीं की परीक्षा में पंजीकृत 166 अभ्यर्थियों में 107 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 59 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। उन्होंने परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का नामांकन शैक्षित सत्र 2026-2027 में रिक्त सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा।