कोरोना से 22 संक्रमित, 76 मरीज हुए स्वस्थ
घटकर 193 हुई एक्टिव मरीजों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। बुधवार को कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में फिर वृद्धि हुई। इस दिन 22 नए लोग संक्रमित मिले, लेकिन राहत की बात यह रही कि 76 मरीज स्वस्थ पाए गए। एक्टिव मरीजों की संख्या 193 हो गई है।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को शाम तक 5662 लोगों के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए, जबकि 5019 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 4997 निगेटिव और 22 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिलने वालों में विशुनपुरा क्षेत्र से तीन, तमकुही से तीन, कुबेरस्थान से एक, पडरौना से चार, खड्डा से दो, कसया से एक, कप्तानगंज से दो, फाजिलनगर से चार और अन्य क्षेत्रों से दो व्यक्ति शामिल हैं। इस तरह अब तक कराई गई 6,06,611 लोगों की जांच में 15,315 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। बुधवार को 76 मरीज स्वस्थ पाए गए। उन्हें लेकर कुल 14,914 लोग स्वस्थ हुए हैं तथा 208 मरीजों की इस महामारी से मौत हुई है। एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 193 हो गई है। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 2.52 प्रतिशत, ठीक होने वालों की दर 97.38 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.36 प्रतिशत है।