पिपरा बाजार। विशुनपुरा ब्लॉक पर तैनात स्वास्थ्य विभाग की टीम बृहस्पतिवार को दोबारा पटेरहा मंगलपुर गांव में पहुंची और 22 बीमार बच्चों के स्वास्थ्य का चेकअप किया।
टीम की ओर से गांव में व्यापक पैमाने पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया गया। टीम में शामिल डॉक्टर एडीबीपीएन सिंह और डॉक्टर शिप्रा के मुताबिक बच्चों को वायरल फीवर की शिकायत है।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान इंसेफेलाइटिस की वजह से पटेरहा मंगलपुर की सात वर्षीया रिशू की मौत हो गई थी।
बुधवार को किसी से सूचना प्राप्त हुई तो सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी। गांव के लोगों ने टीम से सफाई कर्मचारी, एएनएम आदि की कार्यप्रणाली की शिकायत की। बाद में डॉक्टर को लोगों ने लिखित शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को डॉक्टर को गांव में 22 बच्चे बुखार, उल्टी आदि समस्याओं से पीड़ित मिले। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद डॉक्टर ने मरीजों को दवाएं दी।
बृहस्पतिवार को गांव में पहुंची टीम ने सफाई कर्मचारी से नालियों और सड़क किनारे पसरी गंदगी को साफ करने का निर्देश दिया। इसके बाद पटेरहा टोले में सभी आवश्यक जगहों पर ब्लीचिंग पाउडर डाला गया।
मच्छरों पर नियंत्रण हेतु छिड़काव की खातिर टीम ने एएनएम को दवा और जिम्मेदारी सौंपी। डॉक्टर एडीबीपीएन सिंह और डॉक्टर शिप्रा मिश्रा ने बच्चों की जांच की।
पीड़ित बच्चों के अभिभावकों को जरूरी हिदायतों के साथ दवाएं दी गईं। डाक्टर ने बताया कि बच्चों की जांच की गई है। सभी को वायरल फीवर है। मौसम बदलने के दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति अधिक सचेत रहने की जरूरत होती है। खानपान की चीजों की शुद्धता का ध्यान रखना आवश्यक होता है।