फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जो बाप और चाचा का नहीं, वह बुआ का क्या होगा?

Wed, 15 May 2019 12:12 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
दुदही (कुशीनगर) के बड़हरा में भाजपा की चुनावी जनसभा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को माला पहनाकर स्वागत करते नेता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दुदही/सेवरही (कुशीनगर)। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कहा कि जो बाप का नहीं हुआ, चाचा का नहीं हुआ, वह बुआ का क्या होगा? जिसकी पत्नी कभी झुककर अपने ससुर का पैर नहीं छूई, वह अब बुआ के पैर छूकर क्या साबित करना चाहती है? इनके ड्रामे पर यकीन करने की जरूरत नहीं है। मोदी के हाथों को मजबूत करें, तभी देश शक्तिशाली होगा।
विज्ञापन


उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के बड़हरा गांव में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। देवरिया सीट के भाजपा उम्मीदवार डॉ. रमापति राम त्रिपाठी का चुनाव प्रचार करने आए डिप्टी सीएम का हेलिकॉप्टर 2.08 बजे उतरा। अपने 28 मिनट के संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर प्रहार कर कार्यकर्ताओं को जोश से भर दिया।

कहा कि पिछली सरकार ने 70 साल में भी सेना के जवानों को आतंकवादियों पर गोली चलाने की छूट नहीं दी, वहीं भाजपा सरकार ने एक हजार किलो का बम गिराने की खुली छूट दे दी। पूरे प्रदेश से बसपा, सपा और कांग्रेस का सफाया होने जा रहा है। लोगों को मोदी पर विश्वास है कि गरीब का बेटा देश के हित में सदैव कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनाव अब जनता खुद लड़ रही है। सपा और बसपा के नेताओं का गठबंधन मोदी को हराने के ख्वाब देख रहा है, लेकिन मोदी ने सीधे देश की जनता से मजबूत रिश्ता बना लिया है।
विज्ञापन


जनता को आज मोदी के नेतृत्व में अपनी सुरक्षा, खुशहाली और देश की तरक्की का रास्ता दिख रहा है। इसे लेकर विरोधी दल परेशान और निराश हो गए हैं। उन्हें अभी से अंदाजा हो गया है कि आने वाली 23 तारीख को उनकी दुकानें बंद होने वाली हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि भाजपा को शून्य से शिखर तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की मुख्य भूमिका रही है। आज देश का कोई गांव ऐसा नहीं है, जहां विकास की रोशनी नहीं पहुंची हो। इसलिए हमारे लिए सबसे बड़ा हमारा बूथ का कार्यकर्ता है। अंत में उन्होंने पंडाल में लोगों का हाथ उठवाकर पार्टी प्रत्याशी को भारी अंतर से विजयी बनाने का संकल्प दिलाया।

इस सभा को पार्टी प्रत्याशी डॉ. रमापति त्रिपाठी, विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक डॉ. पीके राय, पूर्व विधायक जगदीश मिश्र उर्फ बाल्टी बाबा सहित कई लोगों ने संबोधित किया। इस दौरान दुदही के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ओमप्रकाश वर्मा, पूर्व प्रमुख गिरिजेश जायसवाल, अजय तिवारी, विजय कुमार राय, बलवंत सिंह, प्रह्लाद प्रसाद केशरी, गणेश सोनी, रामजी कसेरा, विजय साहू, महंथ कुशवाहा, रंजन कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें