मथौली बाजार। मोतीचक ब्लॉक में बुधवार को एसडीएम हाटा की अगुवाई में निकली टीम ने आठ स्कूलों की जांच की। इस दौरान बिना मान्यता के संचालित दो स्कूलों को एसडीएम ने सील करा दिया। एसडीएम हाटा दिनेश कुमार व बीईओ एसएन प्रजापति की संयुक्त टीम द्वारा ने स्कूलों की जांच की। फर्द मुंडेरा के एक विद्यालय पहुंचे तो वहां आठवीं की मान्यता पर हाईस्कूल तक का संचालन हो रहा था। एलडी सेंट्रल पब्लिक स्कूल अमोला पट्टी, एसपी पब्लिक स्कूल अमोला पट्टी विद्यालय बंद पाए गए। जांच के दौरान लॉर्ड शिवा एकेडमी अथरहा टोला भटौली तथा एसपी चिल्ड्रन एकेडमी लोहेपार में जांच टीम पहुंची तो स्कूल संचालक गायब हो गए। एसडीएम के निर्देश पर दोनों विद्यालयों को सील कर दिया गया। इस संबंध में बीईओ एसएन प्रजापति ने बताया कि बिना मान्यता के कोई भी विद्यालय संचालित नहीं होगा। स्कूलों को नोटिस भेजी जा चुकी है। अब कार्रवाई हो रही है। जांच में बिना मान्यता के संचालित दो स्कूलों को सील करा दिया गया है। जांच प्रत्येक दिन की जाएगी और कमियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।