जटहां बाजार (कुशीनगर)। मंगलवार की दोपहर खिरकिया बाजार में जाम लगने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चिलचिलाती धूप में वाहनों की लंबी कतार से लोग हलकान रहे। आए दिन इस बाजार में जाम लगने का कारण खिरकिया पुल की चौड़ाई कम होना है। पिछले कई महीने से यह समस्या है। कई बार सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पुल का चौड़ीकरण कराए जाने की मांग भी की है, लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
खिरकिया बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप झरही नाले पर बना पुल जर्जर हो गया है। पीडब्लूडी के अफसरों ने तर्क देते हुए इस पुल से भारी वाहनों के गुजरने से मना भी कर दिया। बावजूद इसके बिहार प्रांत को जाने वाले भारी वाहन इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। ऐसे में जर्जर पुल पर कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। दूसरी ओर पुल की चौड़ाई कम होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जब भी कोई बड़ा वाहन आता है तो दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
मंगलवार को पूरे दिन बाजार में रुक-रुककर जाम लगता रहा। इस गर्मी में जाम के कारण लोग काफी देर तक परेशान रहे। कई संगठन के लोग इस पुल के निर्माण के लिए लगातार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकल सका है। यह सड़क जटहां के रास्ते बिहार प्रांत को भी जोड़ती है। हर दिन लग रहे जाम से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।