पत्रावलियों के निराकरण और संविलयन का विरोध
प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए परिसर में किया प्रदर्शन
पडरौना। प्राथमिक शिक्षक संघ ने बुधवार को बीएसए परिसर में प्रदर्शन किया गया। सीएम को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन डीएम को देकर लंबित प्रकरणों के निराकरण और परिषदीय विद्यालयों के संविलयन की व्यवस्था निरस्त करने की मांग की गई।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिलाध्यक्ष अध्यक्ष अरविंद सिंह पटेल की अगुवाई में जिले भर के शिक्षक बुधवार को 10 बजे बीएसए कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। अरविंद सिंह पटेल ने कहा कि कार्यालय में परिषदीय शिक्षकों की कई पत्रावलियां लंबित पड़ी हैं। इनके निराकरण के लिए कई बार बीएसए से मिल कर अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक एक भी पत्रावली का निस्तारण नहीं हुआ। संयुक्त मंत्री अनूप सिंह ने कहा कि एक परिसर में संचालित कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यालयों का संविलयन बेसिक शिक्षा परिषद की नियमावली के विपरीत है। इस व्यवस्था के तहत बेसिक शिक्षा अध्यापक नियमावली के अनुसार अध्यापकों की तैनाती और पद्दोन्नति दो स्तर अर्थात प्राथमिक अथवा उच्च प्राथमिक विद्यालय स्तर पर की जाती है। जिला मंत्री राजकुमार सिंह ने कहा कि इसके बाद भी संघ की मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 20 दिसंबर को शिक्षा निदेशालय प्रयागराज कार्यालय पर संघ की तरफ से अनिश्चित कालीन धरना दिया जाएगा। इसके बाद संघ से जुड़ी 11 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सीएम को संबोधित डीएम डॉक्टर अनिल कुमार सिंह को सौंपा गया।
इस दौरान मनोज कुमार मिश्र, रामप्रवेश यादव, नीरज श्रीवास्तव, राधेश्याम वर्मा, फरहद अली, सुमंत मिश्र, देवेंद्र ओझा, रामनिवास जायसवाल, मेहरुद्दीन अली, मोइनुद्दीन अंसारी, अमित कुमार श्रीवास्तव, श्याम सुंदर वर्मा, उमेश कुमार, परमेश्वर प्रसाद, सुप्रिया त्रिपाठी, रामदिनेश सिंह, सुरेश रावत, जयराम चौरसिया, विद्यासागर पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, शंभू यादव, अरुणेंद्र राय, अनूप सिंह, प्रमोद यादव, श्रीकांत यादव, गोपाल चौहान, मुकुंद देव सिंह, ध्रुवनारायण यादव आदि मौजूद रहे।