मथौली बाजार (कुशीनगर)। कप्तानगंज क्षेत्र के खैरेटवा स्थित पेट्रोलपंप पर घटतौली से नाराज ग्राहकों ने शुक्रवार की शाम को हंगामा किया। ग्राहकों ने इसकी सूचना 100 नंबर की पुलिस को दी। मौके पर डायल 100 की पुलिस, एसडीएम कप्तानगंज और एसओ पहुंचे। उन्होंने पेट्रोलपंप के स्टॉक, मीटर आदि की गहन जांच की। प्राथमिक जांच में घटतौली मिलने पर पेट्रोलपंप को सील कर दिया गया। सेल्समैन भी पुलिस की हिरासत में है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मधवलिया गांव के निवासी सुरचन सिंह ने शुक्रवार को पेट्रोलपंप पर डीजल लेने आए थे। उन्होंने बताया कि 30 लीटर डीजल लिया। डीजल कम नापे जाने का संदेह होने पर सेल्समैन से शिकायत की, जिस पर उसने अभद्रता की। उनके साथ अन्य ग्राहकों ने भी डीजल पुन: नापे जाने का दबाव बनाया। इतनी देर में वहां काफी भीड़ जुट गई। डीजल नापा गया तो पांच लीटर कम मिला। इसके बाद सुरजन सिंह सहित अन्य लोग पेट्रोलपंप मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। इसी दौरान 100 नंबर की पुलिस को सूचना दी गई। थोड़ी ही देर में 100 नंबर की पुलिस के अलावा एसओ कप्तानगंज श्यामलाल यादव पहुंच गए। अभी वार्ता चल ही रही थी कि कहीं से एसडीएम कप्तानगंज को भी इसकी सूचना मिल गई। वह भी पेट्रोलपंप पर पहुंच गए। उन्होंने सभी मशीनों की मीटर रीडिंग की जांच किया। लोगों ने बताया कि ऐसी शिकायत की जाती है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। इस पर एसडीएम ने स्टॉक और मीटर आदि की जांच में घटतौली मिलने पर पेट्रोलपंप को सील करा दिया।
इस संबंध में एसडीएम प्रमोद कुमार का कहना था कि प्रारंभिक जांच में पेट्रोलपंप पर घटतौली मिली है। पेट्रोलपंप को सील कर दिया गया है तथा सेल्समैन को पुलिस अपने साथ लेकर गई है। उन्होंने कहा कि शनिवार को टीम भेजकर पुन: जांच कराई जाएगी। बाट-माप की भी जांच होगी।