कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया गांव स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में आग लगने से सारे सामान जलकर नष्ट हो गए। प्रशिक्षण संस्थान को चलाने वाली महिला ने अपने पति पर ही आग लगाने का आरोप लगाया है।
प्रशिक्षण संस्थान की संचालक सीमा यादव ने बताया कि उसकी शादी महाराजगंज जिले के बरवा द्वारिका गांव निवासी अजय यादव से हुई थी। आरोप लगाया कि पति के उत्पीड़न से परेशान होकर वह ससुराल छोड़कर मायके नौरंगिया में आकर रहने लगी। जीविका चलाने के लिए कर्ज लेकर बच्चियों को सिलाई-कढ़ाई सिखाने के लिए प्रशिक्षण संस्थान का संचालन शुरू किया गया। सीमा का आरोप है कि उसके पति ने पारिवारिक ईर्ष्या वश उसके प्रशिक्षण संस्थान में आग लगा दी। आग से संस्थान में रखे सारे उपकरण जल कर नष्ट हो गए। इस संबंध में एसओ नेबुआ नौरंगिया दिलीप पांडेय का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।