सड़क निर्माण्ा की जांच करते टीम के सदस्य।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
दुदही (कुशीनगर)। थावे-कप्तानगंज रेलखंड पर स्थित दुदही रेलवे स्टेशन के एप्रोच सड़क के निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर सोमवार को गोरखपुर से सतर्कता टीम पहुंची। इस टीम की अगुवाई गोरखपुर के सतर्कता निरीक्षक कर रहे थे। इस टीम ने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया और सड़क में डाली गई सामग्री के नमूने लिए।
दुदही रेलवे स्टेशन की एप्रोच सड़क का निर्माण विभाग की ओर से नामित कार्यदायी संस्था की तरफ से कराया जा रहा है। दुदही के कुछ लोगों ने कार्यदायी संस्था पर सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इस पर मुख्य सतर्कता निरीक्षक गोरखपुर सुनील कुमार पांडेय और संजय कुमार चतुर्वेदी ने सोमवार को दुदही पहुंचकर निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का कई जगह से नमूना लिया और उसे सील कर जांच के लिए गोरखपुर ले गए।
टीम ने नामित ठेकेदार को मौके पर सड़क निर्माण से संबंधित जानकारी के लिए बोर्ड लगवाने का निर्देश दिया। आईडब्लू तमकुहीरोड कृष्ण शंकर लाल ने बताया कि 92 लाख की लागत से आठ सौ मीटर रेलवे एप्रोच सड़क का निर्माण होना है। सड़क की चौड़ाई पांच मीटर तथा सड़क के दोनों तरफ पटरी का निर्माण कराए जाने का प्रावधान है।
निरीक्षण के दौरान प्रदीपचंद्र शुक्ल, टीआई राजीव पांडेय के अलावा कस्बे के ओमप्रकाश कुशवाहा, भोला सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।