कुशीनगर। ग्रामीण डाक सेवकों का धरना तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। डाक सेवकों ने चेतावनी दी कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो डाक कर्मी आंदोलन और तेज करेंगे। डाककर्मियों की हड़ताल की वजह से पोस्ट ऑफिस में तमाम जरूरी चिट्ठियां बंडल बनाकर रखी हुई हैं।
ग्रामीण डाक सेवक पांच सूत्रीय मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। ये लोग ग्रामीण डाक कर्मियों को मेडिकल सुविधा, उनके बच्चों को शिक्षा में सुविधा प्रदान करने और आठ घंटे ही कार्य लेने आदि की मांग कर रहे हैं। आंदोलन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि पिछले साल भी इन्हीं मांगों को लेकर 14 दिन तक धरना चला था। तत्कालीन संचार मंत्री ने सभी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था लेकिन एक वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी मामला जस का तस लटका हुआ है। डाक कर्मी उमापति त्रिपाठी, रामनाथ यादव, वीरेंद्र राय, अरुण कुमार जायसवाल, मनोज सिंह, बासुकीनाथ राय, अनिल कुशवाहा, संतोष गौतम, रमाकांत, उत्कर्ष, गोपाल चौधरी, नरेंद्र सिंह, नारद प्रसाद, सतेंद्र मिश्र, तूफानी, वेद प्रकाश राय आदि ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।