पडरौना। मानसून की शुरुआत से बड़ी गंडक नदी उफनाने लगी है। खड्डा और तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के तटबंधों के किनारे बसे गांवों के लोग बाढ़ की आशंका से सहमे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी बाढ़ से निपटने की तैयारी की गई है। दोनों तहसीलों में स्वास्थ्य विभाग ने 20 टीमें गठित की हैं। टीम में डॉक्टर और फार्मासिस्ट शामिल हैं। सभी तरह की बीमारियों से बचाव के लिए दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए खड्डा तहसील क्षेत्र में 10 और तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में 10 समेत कुल 20 टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन तथा पैरा-मेडिकल स्टाफ शामिल हैं। उन्हें दवाओं का पर्याप्त स्टॉक तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि शासन से ही बाढ़ के मद्देनजर तैयार रहने के निर्देश मिले हैं। इसके बाद टीमों का गठन किया गया है।
रैपिड रिस्पांस टीम में शामिल डॉक्टर, फार्मासिस्ट, लैब टैक्नीशियन को बाढ़ प्रभावित इलाकों में कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं और लोगों को क्लोरीन बांटने को कहा गया है। इसके अलावा दोनों तहसीलों में सरकारी एम्बुलेंस भी लगाए गए है ताकि आपात स्थिति में मरीजों को सीएचसी-पीएचसी पर भर्ती किया जा सके। टीम के पास पर्याप्त मात्रा में दवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। सर्पदंश से बचाव के लिए भी वैक्सीन आदि की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।