जनपद में 20 लोग कोरोना पॉजिटिव
तीसरी लहर में छह लोगों की हो चुकी है मौत
कुशीनगर। जिले में 20 नए लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। शनिवार को सर्वाधिक संक्रमित केस कप्तानगंज क्षेत्र में मिले। अब एक्टिव केस की संख्या 164 हो गई है।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि 4,689 नमूने आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। 3,551 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 3,531 निगेटिव और 20 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमितों में दुदही क्षेत्र से एक, कप्तानगंज से छह, खड्डा से पांच, विशुनपुरा से एक, कसया से दो, सेवरही से एक, रामकोला से एक और सुकरौली से एक व्यक्ति शामिल है।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर में छह लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा क1,34,435 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। इनमें 694 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि 524 लोग स्वस्थ हुए हैं। जिले में कोरोना संक्रमण दर 0.51 और ठीक होने वालों की दर 75.50 प्रतिशत है। मृत्युदर 0.86 प्रतिशत है। सीएमओ ने कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जनपद के लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।
‘बचाव के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण जरूरी’
फोटो
बनकटा बाजार। डीएम के निर्देश पर शनिवार को क्षेत्र के भानपुर समेत विभिन्न गांवों में जागरुकता अभियान चलाया गया। फाजिलनगर सीडीपीओ ने लोगों को कोरोना टीका लगवाने के लिए जागरूक किया।
सीडीपीओ राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि कोरोना जैसी संक्रामक बीमारी से बचाव के लिए टीका लगवाना ही एक मात्र विकल्प है। उन्होंने घर-घर जाकर कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने भानपुर गांव में हो रहे टीकाकरण का निरीक्षण किया। इस दौरान एएनएम पुष्पा प्रजापति, प्रिंसी यादव, मुख्यसेविका शशि प्रभा, रीता सिंह, गुलशन बेगम, सरताज खान, मुखलाल यादव आदि मौजूद रहे। संवाद