दो लोग मिले संक्रमित, 22 स्वस्थ हुए
179 मरीज अब भी कोरोना से संक्रमित
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कई महीने बाद सोमवार को कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में जबरदस्त गिरावट देखी गई। सिर्फ दो लोग ही कोरोना से संक्रमित मिले। इससे बड़ी राहत की बात यह रही कि 22 मरीज स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए, लेकिन अभी भी 179 मरीज इस बीमारी से जूझ रहे हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि सोमवार को शाम तक 963 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 961 निगेटिव और सिर्फ दो पॉजिटिव केस मिले। इन संक्रमितों में रामकोला और फाजिलनगर से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। इस तरह अब तक कराई गई 1,69,025 लोगों की जांच में 5,176 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। सोमवार को जांच में 22 मरीज स्वस्थ मिले, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस तरह अब तक 4,944 लोग ठीक होकर सकुशल अपने घर जा चुके हैं। 53 मरीजों की इस बीमारी से मौत हुई है, जबकि 179 लोग अब भी संक्रमित हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में संक्रमण दर 3.75 प्रतिशत, रिकवरी दर 95.51 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.02 प्रतिशत है।