हाटा कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
- फोटो : अमर उजाला
हाटा (कुशीनगर)। दो लग्जरी कारों के नंबर बदलकर 350 बोतल शराब ले जाने के दौरान चार आरोपियों को हाटा पुलिस ने गुरुवार को पकड़ लिया। घेरेबंदी के दौरान तस्करों ने कार से पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने बचाव कर उन्हें पकड़ लिया।
सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि शराब की खेप लेकर तस्करों के लग्जरी कार से बिहार जाने की सूचना मिली थी। जिससे कोतवाल गजेंद्र राय ने अपने सहयोगियों की मदद से बाघनाथ चौराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। उसी दौरान उक्त गाड़ियां आते दिखाई दीं। जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने किसी तरह जान बचाई और पीछा कर हाटा ओवरब्रिज के पास घेरेबंदी कर दोनों गाड़ियों को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों गाड़ियों में रखी 350 बोतल हरियाणा निर्मित शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों में हरियाणा के झज्जर थाना बादली निवासी सागर वाल्यान, सोनीपत जिला के थाना मुरथल कुरान गांव निवासी नीरज अंदिल, झज्जर जिला के थाना बहादुरगढ़ गांव निवासी धर्मेंद्र और गांव गुयाना निवासी यासीन शामिल हैं। दोनों लग्जरी गाड़ियों का नंबर फर्जी पाया गया।