आपूर्ति बहाल न होने पर सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
विद्युत कनेक्शन होने के बाद भी बंद है दो महीने से आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो।
कसया। कस्बे के कसया-पडरौना मार्ग पर बैरिया कसाडा चौक पर सोमवार को विद्युत आपूर्ति बहाल न होने से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने करीब एक घंटे तक जाम लगाकर विभागीय अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसओ ने एसडीओ से वार्ता कर लोगों को शीघ्र आपूर्ति बहाल कराने का भरोसा दिलाया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ।
लोगों का कहना था कि वह 10 वर्षों से मकान बनवाकर रह रहे हैं। नगर पालिका परिषद ने मई माह में विद्युत पोल लगवाकर तार दौड़ा दिया था। कुछ लोगों को विद्युत कनेक्शन भी दे दिए गए, लेकिन दो माह पूर्व जेई विद्युत निगम ने यह कहते हुए तार काट दिया कि ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड है, जिससे कभी भी ट्रॉसफॉर्मर जल सकता है। दो माह बीत जाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है। जिससे नाराज लोगों ने सोमवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसओ कसया शैलेश सिंह ने एसडीओ से वार्ता कर लोगों का आश्वासन दिया कि शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। एसडीओ विद्युत अवनीश श्रीवास्तव ने बताया कि किसी का कनेक्शन नहीं है। मीटर भी नहीं लगे हैं। वहां पहले विद्युत सप्लाई नहीं थी। अब हो गई है। जो लोग कनेक्शन लेंगे, उन्हें सप्लाई दी जाएगी।