नाराज ग्रामीणों ने बाढ़ खंड अधिकारियों का किया घेराव
गंडक नदी का जायजा लेने पहुंची थी टीम, एक सप्ताह में बचाव कार्य कराने के आश्वासन पर माने ग्रामीण
अमर उजाला ब्यूरो
तमकुहीरोड। रविवार को एपी बांध का निरीक्षण करने पहुंचे बाढ़ खंड के अधिकारियों को गांव वालों ने दो घंटे तक घेराव किया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक बचाव कार्य शुरू नहीं होगा, अधिकारियों को जाने नहीं देंगे। बाद में एक सप्ताह में बचाव कार्य शुरू करने के आश्वासन पर किसी तरह माने।
बाघाचौर और अहिरौलीदान के लोग गंडक नदी की कटान से भयभीत है। बचाव कार्य की मांग को लेकर आंदोलन कर चुके हैं। रविवार को सूचना मिली कि एपी बांध का निरीक्षण करने गंडक के चीफ इंजीनियर अशोक सिंह, बाढ़खंड के एसई के के राय, एक्सईएन भरतराम, एई पीसी त्रिपाठी पहुंचे हैं। भाजपा नेता जेके सिंह की अगुवाई में गांव के लोग जुट गए। जैसे ही अधिकारी वापस लौटने को तैयार हुए, ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि दो साल से कोई बचाव कार्य नहीं हो रहा है। बांध के कटने और कई गांवों पर उजड़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक बांध बचाव कार्य शुरू नहीं होगा, वे किसी अधिकारी को लौटने नहीं देंगे। इस दौरान अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। लगभग दो घंटे बाद अधिकारियों के समझाने पर ग्रामीण माने। इस दौरान संजय राय, अरविंद सिंह पटेल, हीरालाल यादव, नवलकिशोर सिंह, सुजीत यादव, मिथिलेश गोड़, पप्पू सिंह, कृष्णा निषाद, संजय सिंह, शिवजी सिंह आदि मौजूद रहे।