कुशीनगर। पकड़ियार नौगांवा के बड़का टोला में रविवार की सुबह तालाब के किनारे खड़े भाई-बहन मिट्टी दरकने से पानी में गिर पड़े। पानी में गिरने से दोनों डूब गए और उनकी मौत हो गई। बच्चों को बचाने की कोशिश में तालाब में कूदी उनकी मां और बड़ा भाई भी तैरना न जानने के कारण डूबने लगे। संयोग था कि उधर से गुजर रहे एक ग्वाले ने काफी मशक्कत के बाद मां-बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और भाई-बहन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामकोला थाना क्षेत्र के पकड़ियार नौगांवा निवासी श्यामसुंदर गुप्त के चार बेटे और एक बेटी थी। श्यामसुंदर रोजगार के सिलसिले में इन दिनों बाहर हैं। उनके घर के बगल में ही एक तालाब है, जिसकी बरसात शुरू होने से पहले खुदाई हुई थी। बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह लगभग 9.30 बजे श्यामसुंदर का 13 वर्षीय पुत्र राहुल और 11 वर्षीया बेटी किरण घर के पास स्थित तालाब के किनारे खड़े थे। बारिश के कारण तालाब के किनारे की मिट्टी गीली होने की वजह से मिट्टी दरक गई, जिससे दोनों भाई-बहन गहरे तालाब में गिर पड़े। तैरना न जानने की वजह से दोनों डूबने लगे। बच्चों को डूबते देख उनकी मां जोन्हिया चिल्लाती हुई दौड़कर पहुंचीं और तैरना नहीं जानते हुए भी बच्चों को बचाने की खातिर तालाब में कूद पड़ीं। भाई-बहन और मां को पानी में डूबते देख श्यामसुंदर का बड़ा पुत्र पंद्रह वर्षीय जितेंद्र भी तालाब में कूद पड़ा। वह भी तैरना नहीं जानने की वजह से खुद भी डूबने लगा। संयोगवश उसी समय माघी मठिया गांव के पंडित टोला निवासी गोमल यादव तालाब की बगल से गुजर रहे थे। गोमल दूध बेचने का काम करते हैं और रोज की भांति साइकिल से दूध पहुंचाने पडरौना जा रहे थे। महिला और बच्चों को डूबते देख गोमल पानी में कूद पड़े। उन्होंने बड़ी कठिनाई से जोन्हिया और जितेंद्र को पानी से बाहर निकाला। इसी दौरान नौगांवा के विजय गुप्त भी मौके पर पहुंच गए। गोमल और विजय ने अचेतावस्था में तालाब में पड़े राहुल और किरण को भी बाहर निकाला। तब तक शोरगुल सुनकर बहुत से लोग एकत्र हो गए थे। लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर बच्चों को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टर ने राहुल और किरण को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में रामकोला थाने के एसओ अजय कुमार सिंह का कहना था कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।