चौथे इंटरनेशनल चांटिंग में जुटेंगे 18 देशों के अनुयायी
कसया (कुशीनगर)। बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में चौथे इंटरनेशनल त्रिपिटक चांटिंग (जप) समारोह में 18 देशों के बौद्घ अनुयायी जुटेंगे। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का शुभारंभ 10 नवंबर को किया जाएगा। चांटिंग समारोह का शुभारंभ महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर में स्थापित शांति का घंटा बजाकर व कैंडल जलाकर किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि म्यामांर के राजदूत होंगे। विशिष्ट अतिथि नेपाल के सांसद देवेंद्र राज कंडेल एवं कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी होंगे। समारोह में करीब 500 की तादाद में 18 देशों के बौद्ध भिक्षु, उपासक और बौद्ध अनुयायी भाग लेंगे। महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर में विश्व शांति के लिए विभिन्न देशों के चुनिंदा बौद्ध भिक्षु शांति पाठ में शामिल होंगे। 12 नवंबर को चांटिंग समारोह का समापन म्यामांर बौद्ध विहार के भंते एबी ज्ञानेश्वर और आईटीसीसी इंटरनेशनल त्रिपिटक चांटिंग काउंसिल की डायरेक्टर वांग्मो डीक्से के नेतृत्व में प्रमाण पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा। वहीं म्यांमार बौद्ध विहार में दो दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें कुशीनगर के लिंहसन टेम्पल, एबीजी बुद्ध बिहार, तिब्बत टेंपल, जापान-श्रीलंका टेंपल, वाट थाई छलमराज, वाट कुसावड़ी, मल्लाराम बुद्ध बिहार, श्रीलंका बुद्ध बिहार, भिक्षु चंद्रमणि मेडिटेशन सेंटर, कंबोडियन टेंपल, भीम ज्योति बुद्ध बिहार, कोरियन टेंपल, महामाया भिक्षुणी सेंटर के बौद्ध भिक्षु अपनी सहभागिता निभाएंगे।
समारोह के संयोजक टीके राय ने बताया कि भंते एबी ज्ञानेश्वर का 84वां जन्मदिन भी 10 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारी चल रही है। जरूरी कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी लोगों को सौंप दी गई है। यह कार्यक्रम आईटीसीसी और केटीसीसी के संयुक्त प्रयास से चौथे वर्ष कराया जा रहा है।